# Tags
#Crime

जांजगीर चांपा में व्यापारी के घर फायरिंग, बड़े बेटे की मौत, रंजिश का आरोप

जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। नकाबपोश बदमाशों ने आधी रात के करीब व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में उनके बड़े बेटे आयुष कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा बेटा आशुतोष कश्यप घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, तीन हमलावर घर के पीछे के रास्ते से अंदर घुसे और सीधे उस कमरे में पहुंचे जहां आयुष, उसका भाई और बहन सो रहे थे। बदमाशों ने आयुष पर दो गोलियां चलाईं, जो उसके सीने और सिर में लगीं। वहीं आशुतोष पर भी एक गोली चलाई गई, जो उसके हाथ में लगी। घटना के दौरान पैसों की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है।

मृतक आयुष हाल ही में रेत के कारोबार से जुड़ा था। उसके पिता सम्मेलाल कश्यप स्थानीय स्तर पर लोहा व्यापारी होने के साथ ही कांग्रेस से भी जुड़े हैं। परिजनों ने इस घटना को लूट नहीं, बल्कि व्यवसायिक रंजिश का नतीजा बताया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, विधायक ब्यास कश्यप भी अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मिले और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *