# Tags
#स्वास्थ्य

भीषण गर्मी से राहत के लिए CM रेखा गुप्ता ने शुरू कीं 13 ‘मोबाइल हीट रिलीफ’ वैन, मुफ्त बांटे जाएंगे ORS, कैप और गमछे

CM Rekha Gupta

राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली के 13 जिलों के लिए ‘मोबाइल हीट रिलीफ’ वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वैन का उद्देश्य तेज धूप और लू से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना है।

इस दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने खासतौर पर निर्माण स्थलों, सड़कों और खुले इलाकों में काम करने वाले मजदूरों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि भीषण गर्मी में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘हीटवेव एक्शन प्लान’ बुकलेट भी जारी की। इस बुकलेट में बढ़ते तापमान के दौरान लोगों को सुरक्षित रखने, हीट स्ट्रोक से बचाव, प्राथमिक उपचार और जागरूकता बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी गई है।

सरकार के मुताबिक, मोबाइल हीट रिलीफ वैन के जरिए लोगों को पीने का पानी, ORS, प्राथमिक चिकित्सा और गर्मी से बचाव से जुड़ी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। ये वैन शहर के अलग-अलग इलाकों में जाकर जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत लोगों को ORS के पैकेट, टोपियां, गमछे, फर्स्ट एड किट और गर्मी से बचाव के लिए जरूरी अन्य सामान मुफ्त वितरित किए जाएंगे। खासतौर पर मजदूरों, रिक्शा चालकों, डिलीवरी कर्मचारियों और खुले में काम करने वाले लोगों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में लोग 112 हेल्पलाइन नंबर के जरिए मोबाइल राहत यूनिट्स की सहायता ले सकते हैं। ये यूनिट्स जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर प्राथमिक चिकित्सा, पानी और जरूरी सहायता उपलब्ध कराएंगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *