# Tags
#अपराध / कानून #राज्य

कोटा में सनसनीखेज वारदात: बाउंसर को तड़पा-तड़पाकर मारा, मिर्च फेंक सिर कुचला

IMG 20260605 WA0011

बिलासपुर , 5 जून 2026

छत्तीसगढ़ के कोटा क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। पथर्रा गांव में 27 वर्षीय बाउंसर निखिल गोस्वामी की कथित तौर पर प्रेम-प्रसंग के शक में बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले उसकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंका और फिर भारी पत्थर से सिर कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।

जानकारी के मुताबिक, निखिल गोस्वामी बिलासपुर के एक बार में बाउंसर के रूप में काम करता था। मंगलवार देर रात वह अपने दो साथियों के साथ अमने मोड़ के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक सवार तीन-चार युवक वहां पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवकों में से एक को देखकर निखिल ने उसे नाम लेकर आवाज दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी और उसके साथियों ने पहले निखिल के चेहरे और आंखों पर मिर्च पाउडर फेंका। इससे वह संभल नहीं पाया। इसी बीच उसके साथी वहां से भाग निकले। आरोपियों ने मौके का फायदा उठाते हुए पास में पड़े पत्थर से उसके सिर और शरीर पर कई वार किए।

गंभीर रूप से घायल निखिल को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह और कोटा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी भोला मानिकपुरी को अपनी पत्नी और निखिल के बीच कथित संबंधों का शक था। इसी वजह से दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस इसी एंगल से मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *