संदीप पाठक के गांव में प्रदर्शन, AAP कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध
संदीप पाठक के पार्टी बदलने के बाद छत्तीसगढ़ में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के फैसले से नाराज कार्यकर्ताओं ने मुंगेली जिले के उनके पैतृक गांव बटहा में घर के बाहर प्रदर्शन किया।
मंगलवार को बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए घर की दीवार पर ‘गद्दार’ लिखकर विरोध जताया। साथ ही उन्होंने संदीप पाठक पर अवसरवाद और विश्वासघात के आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि वे “थिंक टैंक नहीं, सैप्टिक टैंक” साबित हुए हैं। उनका आरोप है कि जिस पार्टी ने उन्हें पहचान दिलाई, उसे छोड़कर उन्होंने जनता के भरोसे को ठेस पहुंचाई है।
गौरतलब है कि 24 अप्रैल 2026 को राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल समेत कुल 7 राज्यसभा सांसदों ने आम आदमी पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था। बाद में इन नेताओं ने भाजपा में शामिल होने की जानकारी दी। इस समूह में हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रम साहनी और राजिंदर गुप्ता के नाम भी शामिल बताए गए।
इसके बाद राज्यसभा सचिवालय ने अधिसूचना जारी कर इन बागी सांसदों को भाजपा का सदस्य मान लिया है। इन सात सांसदों के जुड़ने से राज्यसभा में भाजपा की संख्या बढ़कर 113 हो गई है।
Hindi 








































































































































































































































































































































































































































