शादी समारोह में चाकूबाजी, युवक की मौत, नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार
कवर्धा। शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में 20 वर्षीय योमिश सिन्हा की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रामाटोला में 26 अप्रैल की रात बारात के दौरान डीजे पर नृत्य करते समय पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। इसी दौरान एक अपचारी बालक ने अपने साथी कृपाला वर्मा द्वारा उपलब्ध कराए गए धारदार हथियार से योमिश पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में बीच-बचाव करने आए दो अन्य युवक भी घायल हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक और साकरा, थाना गातापार, जिला केसीजी निवासी कृपाला वर्मा (25 वर्ष) शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 109 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Hindi 









































































































































































































































































































































































































































