अभिषेक बनर्जी के क्षेत्र में EVM से छेड़छाड़ का दावा, EC ने कहा जरूरत पड़ी तो दोबारा मतदान
कोलकाता। West Bengal Assembly Elections 2026 के दूसरे चरण का मतदान सुबह 7 बजे से जारी है। 142 सीटों पर सुबह 11 बजे तक करीब 40% मतदान दर्ज किया गया। मतदान के बीच कई इलाकों से हिंसा और गड़बड़ी की खबरें सामने आई हैं।
दक्षिण 24 परगना जिले में बीजेपी उम्मीदवार विकास सरदार पर हमला कर उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। वहीं हुगली के खानकुल में फर्जी पोलिंग एजेंट को लेकर तृणमूल कांग्रेस और लेफ्ट समर्थकों के बीच झड़प हो गई।
इसी बीच, Abhishek Banerjee के प्रभाव क्षेत्र माने जाने वाले डायमंड हार्बर इलाके के फलता में गंभीर आरोप सामने आए हैं। यहां कुछ पोलिंग बूथों पर ईवीएम में बीजेपी के बटन पर टेप चिपकाने का आरोप लगाया गया है, जिससे मतदाता उस विकल्प को चुन न सकें। आरोप तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर लगाए गए हैं।
इन आरोपों पर Election Commission of India ने संज्ञान लिया है। बीजेपी उम्मीदवार देबांशु पांडा की शिकायत पर आयोग ने कहा है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित बूथों पर पुनः मतदान कराया जा सकता है।
मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
Hindi 





































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































