# Tags
#अपराध / कानून

चरित्र शंका में पति बना हैवान, पत्नी का मुंडन कर पिलाया पेशाब; 20 साल पुरानी लव मैरिज का दर्दनाक अंत

image 2026 06 18T152349.820 1 1

सूरजपुर, 18 जून 2026

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। जिले के काटकोना गांव (पंडोपारा) में एक पति पर अपनी पत्नी के साथ अमानवीय व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। महिला ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि पति ने उसके चरित्र पर संदेह करते हुए पहले मारपीट की, फिर उसके बाल काटकर सिर मुंडवा दिया। इतना ही नहीं, उसके चेहरे पर कालिख पोत दी और जबरन पेशाब पिलाने जैसी शर्मनाक हरकत भी की।

जानकारी के अनुसार पीड़िता मूल रूप से करंजी क्षेत्र की रहने वाली है। महिला और आरोपी पति ने वर्ष 2006 में प्रेम विवाह किया था। दोनों के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पिछले करीब एक वर्ष से दोनों अलग-अलग रह रहे थे।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला के चारों बच्चे मौजूद दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।

पीड़िता ने पटना थाना पहुंचकर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि पति लंबे समय से उसे प्रताड़ित कर रहा था और चरित्र शंका के आधार पर उसके साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। उसने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं आरोपी पति, जो मंत्रालय में सरकारी वाहन चालक के रूप में कार्यरत बताया जा रहा है, ने अपनी पत्नी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि पत्नी पहले अपने रिश्तेदारों के साथ घर छोड़कर चली गई थी। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।

पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। स्थानीय लोगों ने भी दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *