# Tags
#All #अपराध / कानून #राजनीति

46 साल पुराने हत्या मामले में पूर्व MLA विजय मिश्रा दोषी करार, MP-MLA कोर्ट कल सुनाएगी सजा

12 मई 2026 | प्रयागराज

प्रयागराज की MP-MLA कोर्ट ने 46 साल पुराने चर्चित हत्या मामले में बाहुबली पूर्व विधायक विजय मिश्रा समेत चार आरोपियों को दोषी करार दिया है। एमपी-एमएलए कोर्ट के जज योगेश कुमार थर्ड ने विजय मिश्रा, जीत नारायण, संतराम और बलराम को हत्या और फायरिंग मामले में दोषी माना है। अदालत अब 13 मई को चारों दोषियों की सजा पर फैसला सुनाएगी।

1980 में कचहरी परिसर में हुई थी हत्या

यह मामला 11 फरवरी 1980 का है, जब प्रयागराज कचहरी परिसर में 35 वर्षीय प्रकाश नारायण पांडेय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रकाश नारायण पांडेय अपने खिलाफ दर्ज एक मुकदमे में जमानत कराने जिला अदालत पहुंचे थे। आरोप है कि संतराम, बलराम, विजय मिश्रा और जीत नारायण ने मिलकर उन पर फायरिंग की थी।

इस हमले में प्रकाश नारायण पांडेय की मौत हो गई थी, जबकि गोलीबारी में 5 अन्य लोग भी घायल हुए थे। मामले में मृतक के बड़े भाई श्याम नारायण पांडेय ने कर्नलगंज थाने में FIR दर्ज कराई थी।

फाइल गायब होने के बाद भी जारी रही सुनवाई

यह मामला लंबे समय तक हाई प्रोफाइल बना रहा। जानकारी के मुताबिक, केस की पत्रावली भी गायब कर दी गई थी ताकि आरोपियों को सजा से बचाया जा सके। इसके बावजूद अदालत में सुनवाई जारी रही और आखिरकार 46 साल बाद फैसला आया।

अभियोजन पक्ष की ओर से एडीजीसी क्रिमिनल सुशील कुमार वैश्य और विशेष लोक अभियोजक वीरेंद्र कुमार सिंह ने पैरवी की। वहीं बचाव पक्ष में विजय मिश्रा की ओर से अधिवक्ता ताराचंद्र गुप्ता समेत अन्य वकीलों ने पक्ष रखा।

ज्ञानपुर सीट से विधायक रह चुके हैं विजय मिश्रा

विजय मिश्रा उत्तर प्रदेश के भदोही जिले की ज्ञानपुर विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं और पूर्वांचल की राजनीति में प्रभावशाली बाहुबली नेताओं में गिने जाते रहे हैं। अदालत के फैसले के बाद अब राजनीतिक और कानूनी हलकों में इस मामले की चर्चा तेज हो गई है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *