भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक जारी, 2028 विधानसभा चुनाव रणनीति पर मंथन
13 मई 2026 | रायपुर
राजधानी रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में आगामी 2028 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक रणनीति, राजनीतिक मुद्दों और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा हो रही है। बैठक में सत्ता और संगठन से जुड़े करीब 400 नेता शामिल हुए हैं। इस दौरान दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश की मौजूदगी
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश विशेष रूप से मौजूद हैं। उनके अलावा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, पवन साय, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और जिला पंचायत अध्यक्ष भी शामिल हुए हैं। बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
2028 चुनाव और संगठन विस्तार पर फोकस
कार्यसमिति बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की जा रही है। भाजपा नेतृत्व संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के जरिए चुनावी रणनीति को धार देने पर जोर दे रहा है।
दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव होंगे पारित
बैठक में नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र और राज्य सरकार की कार्रवाई के समर्थन में धन्यवाद प्रस्ताव लाए जाने की संभावना है। वहीं महिला आरक्षण संशोधन बिल का विरोध करने को लेकर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया जा सकता है। भाजपा इसे राजनीतिक और वैचारिक रूप से महत्वपूर्ण बैठक मान रही है।
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































