‘TMC के अत्याचार नहीं भूला हूं’, फलता में CM शुभेंदु अधिकारी का बड़ा हमला, पुराने मामलों में FIR के निर्देश
16 मई 2026 | पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने फलता विधानसभा उपचुनाव से पहले बीजेपी कार्यकर्ताओं की बैठक में टीएमसी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर किए गए “अत्याचार” को वह भूले नहीं हैं और पुलिस को पुराने राजनीतिक मामलों में भी प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि फलता के लोग पिछले 10 वर्षों से स्वतंत्र रूप से मतदान नहीं कर पाए और अब पुनर्मतदान के जरिए उन्हें अपना लोकतांत्रिक अधिकार वापस मिलेगा। उन्होंने जनता से बीजेपी उम्मीदवार को कम से कम 1 लाख वोटों से जिताने की अपील करते हुए कहा कि केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से फलता को विशेष पैकेज भी दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस को पिछले पांच वर्षों में दर्ज नहीं हुई शिकायतों को भी स्वीकार कर कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। उन्होंने बरईपुर पुलिस को कुछ अधिकारियों के व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए जाने की बात भी कही और आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा शासन में “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर काम किया जाएगा।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में फलता सीट पर 29 अप्रैल को हुए मतदान को चुनाव आयोग ने रद्द कर दिया था। भाजपा ने कई बूथों पर चुनाव चिन्ह ढंके जाने और गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। अब इस सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होगा, जबकि मतगणना 24 मई को की जाएगी।
Hindi 



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































