सूरजपुर में कांग्रेस नेता पर आर्म्स एक्ट मामला दर्ज होने पर बवाल, दीपक बैज समेत कांग्रेस का थाने के बाहर धरना
26 मई 2026 | सूरजपुर
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने बिश्रामपुर थाने के बाहर बड़ा धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पिछले कई घंटों से धरने पर बैठे हुए हैं, जबकि देर रात पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी प्रदर्शन स्थल पहुंचे और प्रशासन से मामले में स्पष्ट जवाब देने की मांग की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि मामला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
कांग्रेस ने कार्रवाई को बताया राजनीतिक दबाव का परिणाम
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नरेंद्र जैन पर दर्ज किया गया मामला भाजपा के दबाव में किया गया है। पार्टी का कहना है कि भाजपा कार्यकर्ता की शिकायत पर तुरंत आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया, जबकि कांग्रेस की ओर से दिए गए आवेदन पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसी को लेकर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बिश्रामपुर थाने के बाहर डटे हुए हैं।
टीएस सिंहदेव ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि यदि आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है तो प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या कोई हथियार बरामद हुआ या उसका इस्तेमाल किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है, तो फिर इतनी गंभीर धाराएं किस आधार पर लगाई गईं। सिंहदेव ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
नगर पंचायत चुनाव से पहले बढ़ा सियासी तनाव
जानकारी के अनुसार 1 जून को शिवनंदनपुर नगर पंचायत का पहला चुनाव होना है, जिसे लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस नेता नरेंद्र जैन पर चुनाव प्रचार के दौरान कथित गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। इस विवाद के बाद क्षेत्र में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है।

भूपेश बघेल के शामिल होने की संभावना
धरना प्रदर्शन में कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व विधायक गुलाब कमरो और अम्बिका सिंहदेव समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भी सूरजपुर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
Hindi 



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































