जिम मालिक ने महिला डॉक्टर को नशीला ड्रिंक पिलाकर किया रेप, वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल; दो आरोपी गिरफ्तार
06 मई 2026 | बरेली
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में महिला डॉक्टर के साथ रेप और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित ‘अल्टीमेट फिटनेस क्लब’ जिम के संचालक अकरम बेग पर आरोप है कि उसने महिला डॉक्टर को प्री-वर्कआउट ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर कई बार दुष्कर्म किया और घटनाओं के वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग करता रहा। पुलिस ने इस मामले में अकरम बेग और उसके भाई आलम बेग को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने करीब दो साल पहले जिम जॉइन किया था। आरोपी अकरम बेग वजन तेजी से कम कराने के नाम पर महिला को विशेष ड्रिंक पिलाता था, जिसमें कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाया जाता था। नशे की हालत में जिम के अंदर बने निजी कमरे में महिला के साथ दुष्कर्म किया जाता और पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड की जाती थी।
आरोप है कि बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए महिला को लगातार ब्लैकमेल किया गया और उससे लाखों रुपये की वसूली की गई। जब महिला ने दूरी बनानी शुरू की तो आरोपी उसके बच्चों का पीछा करने लगे और परिवार को जान से मारने की धमकियां देने लगे। हाल ही में आरोपियों ने पहले 10 लाख और फिर 50 लाख रुपये की मांग की थी, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अकरम बेग को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर जिम से पेन ड्राइव, मोबाइल फोन, कथित अश्लील वीडियो, शक्तिवर्धक दवाएं, टेस्टोस्टेरोन बूस्टर, सिरिंज और नकदी बरामद की। पूछताछ में पता चला कि वीडियो की कॉपी उसके भाई आलम बेग के पास भी थी, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक सबूत सुरक्षित कर लिए गए हैं और पूरे मामले की गहराई से पड़ताल जारी है।
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































