# Tags
#All #अन्य

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी पर अलर्ट, CM योगी ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश; अगले एक हफ्ते तक लू का खतरा

cm yogi up

21 मई 2026 | लखनऊ

उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। राज्य के कई जिलों में तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि बांदा में देश का सबसे अधिक 48 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सीएम योगी ने डीएम, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियों को राहत-बचाव व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पतालों में हीट स्ट्रोक मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा है।

अस्पताल, बिजली और पेयजल व्यवस्था पर विशेष नजर रखने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों से कहा है कि अस्पतालों, पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जाए ताकि लोगों को गर्मी के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही श्रमिकों को लू, थकावट और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जनता से सतर्क रहने की अपील

सीएम योगी ने लोगों से भीषण गर्मी के दौरान सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि बच्चे और बुजुर्ग विशेष ध्यान रखें। उन्होंने सूती या खादी के ढीले कपड़े पहनने की सलाह दी और आग लगने की घटनाओं से बचने के लिए लापरवाही न करने को कहा। प्रशासन को भी फायर सेफ्टी और आपदा प्रबंधन को लेकर तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

अगले एक हफ्ते तक चलेगी भीषण लू

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 से 26 मई तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 से 23 मई तक भीषण लू चलने की संभावना है। बुधवार को प्रयागराज में 46.4°C, हमीरपुर में 46.2°C, झांसी में 45.9°C, आगरा में 45.3°C, कानपुर में 44.6°C और मेरठ में 44°C तापमान दर्ज किया गया। वाराणसी, अलीगढ़, सुल्तानपुर और हरदोई समेत कई जिलों में भी तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *