# Tags
#All #राज्य

सरगुजा पर्यटन को नई उड़ान: फेम ट्रिप से पहले अम्बिकापुर के होटलों का दौरा, टूर ऑपरेटर्स ने की सुविधाओं और आतिथ्य की सराहना


रायपुर, 16 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा सरगुजा संभाग को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित फेम ट्रिप से एक दिन पहले अम्बिकापुर में विशेष होटल भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य देशभर से आए टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स को क्षेत्र की उत्कृष्ट आवासीय सुविधाओं, आतिथ्य परंपरा और पर्यटन अधोसंरचना से परिचित कराना था।

कार्यक्रम के तहत अतिथियों का होटल पर्पल आर्किड में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तिलक और स्वागत पेय से अभिनंदन किया गया। इसके बाद उन्हें होटल की आधुनिक आवासीय व्यवस्था, भोजन सुविधाएं, बैंक्वेट हॉल और अन्य अतिथि सेवाओं का अवलोकन कराया गया। होटल प्रबंधन ने अपने उत्कृष्ट आतिथ्य के माध्यम से सरगुजा की मेहमाननवाजी की समृद्ध परंपरा से सभी को परिचित कराया।

दोपहर के भोजन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने होटल माखन विहार का भी भ्रमण किया, जहां उन्हें आधुनिक सुविधाओं, स्वच्छता और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई। टूर ऑपरेटर्स ने होटल की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे पर्यटन के लिए उपयुक्त बताया।

भ्रमण के बाद आयोजित हाई-टी के दौरान सरगुजा के प्रमुख पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन विकास की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल एजेंट्स ने क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिनिधियों ने कहा कि सरगुजा संभाग प्रकृति, संस्कृति और विरासत का अनूठा संगम है तथा यहां पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के परिचयात्मक भ्रमण से अधिक से अधिक देशी-विदेशी पर्यटक सरगुजा की ओर आकर्षित होंगे और यह क्षेत्र राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान बनाएगा।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने कहा कि इस प्रकार की पहल स्थानीय होटल उद्योग, रोजगार सृजन, पर्यटन व्यवसाय और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *